झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, कृषि कार्यों में आई तेजी
सिद्धार्थनगर • 29 Jun 2026, 1:07 pm

उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगरव्यूज़: 36
सिद्धार्थनगर: जनपद और आस-पास के क्षेत्रों में लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। इस पहली मानसूनी बारिश से जहाँ आम जनमानस को उमस भरी तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं सूखे की मार झेल रहे किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है। बारिश होते ही अन्नदाता पूरे उत्साह के साथ अपने खेतों की ओर रुख कर चुके हैं।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण धान की नर्सरी (बेहन) सूखने की कगार पर पहुंच गई थी, जिससे किसान बेहद चिंतित थे। निजी संसाधनों से सिंचाई करने में लागत लगातार बढ़ रही थी। ऐसे में इस अमृत रूपी वर्षा ने फसलों को नया जीवनदान दिया है।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों के लिए बेहद फायदेमंद है। बारिश के बाद ग्रामीण अंचलों में ट्रैक्टरों की गूंज और किसानों की व्यस्तता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा, तो इस बार धान की अच्छी पैदावार होने की पूरी उम्मीद है।
