IST: Monday, 26 October 2026 at 7:45 pm

बढ़नी में 16 ग्राम स्मैक के साथ नशे का सौदागर गिरफ्तार: ढेबरुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बलरामपुर से जुड़े नेटवर्क के तार

सिद्धार्थनगर • 24 Oct 2026, 6:17 pm

बढ़नी में 16 ग्राम स्मैक के साथ नशे का सौदागर गिरफ्तार: ढेबरुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बलरामपुर से जुड़े नेटवर्क के तार
बढ़नी/सिद्धार्थनगर : भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत ढेबरुआ पुलिस ने शनिवार को एक अंतरजनपदीय सप्लायर को करीब 16 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के सख्त आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक मुखबिरी पर यह कार्रवाई की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बढ़नी-बलरामपुर मार्ग स्थित घरुआर पुलिया के समीप संदिग्ध स्थिति में खड़े एक युवक की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 15.92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिन्टू (24 वर्ष) पुत्र लालबहादुर, निवासी ग्राम लालनगर सिपहिया (थाना तुलसीपुर, जनपद बलरामपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना ढेबरुआ में धारा 8/22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए न्यायालय रवाना कर दिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय, उपनिरीक्षक राजाराम यादव, हेड कांस्टेबल अनूप कुमार यादव, कांस्टेबल प्रबल कुमार व अरविंद यादव शामिल रहे। ग्रामीण अंचलों में पांव पसार रहा नशे का जाल स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बढ़नी कस्बे समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में युवा पीढ़ी तेजी से नशे के दलदल में धंस रही है। हालात इतने गंभीर हैं कि स्मैक के अलावा कई युवक सीधे नसों में नशीले इंजेक्शन तक ले रहे हैं। चर्चा है कि यह पूरा अवैध नेटवर्क फोन कॉल्स और कोडवर्ड के जरिए संचालित होता है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी गुमटियों व दुकानों की आड़ में माल खपाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा का विषय है कि नशे के इस अवैध कारोबार से कुछ सफेदपोश और शातिर तत्व रातों-रात अपनी तिजोरियां भर रहे हैं। शनिवार को पकड़े गए अभियुक्त का तार बलरामपुर से जुड़े होने से यह एक बार फिर साफ हो गया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अंतरजनपदीय सिंडिकेट सक्रिय है। स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि केवल कैरियरों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर यदि पुलिस सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं और स्थानीय संरक्षणदाताओं तक पहुंचे, तभी इस जहर पर पूरी तरह लगाम लग सकेगी। …........................................................................ ...नशे के सौदागरों पर जारी रहेगा कड़ा प्रहार: सीओ क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने बताया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को भी चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों से इस बुराई के खिलाफ जागरूक होकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

संबंधित खबरें