IST: Monday, 26 October 2026 at 7:45 pm

कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित: डीएम ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने व त्वरित निस्तारण के निर्देश

सिद्धार्थनगर • 21 Oct 2026, 8:05 pm

कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित: डीएम ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने व त्वरित निस्तारण के निर्देश
सिद्धार्थनगर : कलेक्ट्रेट स्थित अम्बेडकर सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में 'किसान दिवस' का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रगतिशील और सामान्य किसानों ने अपनी समस्याएं व शिकायतें सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन्हें जिलाधिकारी ने गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत में उप कृषि निदेशक ने पिछली बैठक की कार्यवृत्त प्रस्तुत की, जिसके अनुसार पूर्व में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का निस्तारण कराया जा चुका है। किसानों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में दर्ज कराएं, ताकि संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर उनका प्रभावी व स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जा सके। डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसान दिवस में स्वयं अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की हिदायत दी और स्पष्ट किया कि अनुपस्थिति पर जवाबदेही तय होगी। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री, नलकूप व बिजली बिल, खाद-बीज की उपलब्धता और सिंचाई से जुड़े प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी व कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से अंतिम छोर पर खड़े वास्तविक पात्र किसानों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में जिला कृषि अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं किसान बंधुओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पाण्डेय, सहायक निदेशक मत्स्य नन्द किशोर, एआर को-ऑपरेटिव प्रकाश बहादुर गौतम सहित भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी, प्रगतिशील किसान और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें