IST: Tuesday, 14 July 2026 at 1:58 pm

रटौल मैंगो फेस्टिवल-2026: थाईलैंड की राजदूत ने चखा आमों का स्वाद, भारतीय संस्कृति और आतिथ्य की सराहना

बागपत10 Jul 2026, 11:10 pm

रटौल मैंगो फेस्टिवल-2026: थाईलैंड की राजदूत ने चखा आमों का स्वाद, भारतीय संस्कृति और आतिथ्य की सराहना
उत्तर प्रदेशबागपतव्यूज़: 23
विवेक जैन, बागपत। बागपत जिला प्रशासन के तत्वावधान में रटौल स्थित निगार फार्म हाउस में 'रटौल मैंगो फेस्टिवल-2026' का भव्य आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने किया। इस महोत्सव में थाईलैंड की राजदूत चवनार्ट थांगसुम्फान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने रटौल के सुप्रसिद्ध आमों का स्वाद चखा और आयोजन की सराहना करते हुए इसे भारत की समृद्ध संस्कृति तथा आतिथ्य सत्कार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। महोत्सव में आम की 45 से अधिक विभिन्न किस्मों को प्रदर्शित किया गया था, जिन्हें देखने और उनका आस्वादन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आगंतुकों ने आम के बाग में बिछी चारपाइयों और कुर्सियों पर बैठकर ताजे व स्वादिष्ट आमों का आनंद लिया। इसके अतिरिक्त, महोत्सव में आए लोगों के लिए मैंगो शेक, जामुन शेक, मैंगो व जामुन आइसक्रीम, कुल्हड़ चाय तथा स्वादिष्ट भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही, टटीरी वाले भगत जी की प्रसिद्ध बालूशाही, निरपुड़ा के छुआरे के लड्डू और काठा की मशहूर बर्फी का स्वाद भी लोगों ने बड़े चाव से लिया। पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक व्यवस्थाओं के सुंदर समन्वय वाले इस महोत्सव में आयोजित कव्वाली कार्यक्रम ने समां बांध दिया, जबकि बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नगर पंचायत रटौल की अधिशासी अधिकारी आस्था पाठक के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और अनुशासित प्रबंधन की सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इससे पूर्व, निगार फार्म हाउस की ओर से फैज महमूद, बदर महमूद और हबीब खान ने सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत किया, जबकि रटौल नगर पंचायत के चेयरमैन व भाजपा नेता हाजी मुंतजीर ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस गरिमामयी अवसर पर बागपत के विधायक योगेश धामा, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार उपाध्याय, शिवनारायण, डिप्टी कलेक्टर निकेत वर्मा, एसडीएम बड़ौत भावना सिंह तथा जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी उपस्थित रहे। इनके साथ ही पूर्व राज्यमंत्री डॉ. कुलदीप उज्जवल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुब्बसीर, महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, सर्वोदय ग्रुप के हरेन्द्र पंवार बली, डॉ. दिनेश, सभासद रामनिवास, हसमत, वकील एवं महबूब सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और जनसमुदाय उपस्थित था।

संबंधित खबरें