गैस एजेंसी पर उपभोक्ता से मारपीट और बंधक बनाकर 10,000 रुपए लूटने का आरोप, पहले से ही डीएम की जांच के दायरे में है गोदाम
सिद्धार्थनगर • 18 Jul 2026, 11:54 pm

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 730 भरौली स्थित युग कृष्णा गैस एजेंसी के गोदाम पर सिलेंडर लेने गए एक उपभोक्ता के साथ कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि घटना के दौरान उपभोक्ता को बंधक बनाकर उसके पास मौजूद ₹10,000 भी निकाल लिए गए। इस संबंध में पीड़ित द्वारा ढेबरुआ पुलिस को लिखित तहरीर देकर निष्पक्ष जांच व कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एजेंसी प्रबंधन का व्यवहार अक्सर उपभोक्ताओं के प्रति तानाशाही पूर्ण रहता है। चर्चा है कि एजेंसी संचालक द्वारा कई मौकों पर कथित रूप से यह दावा भी किया जाता रहा है कि जिले के एक शीर्ष राजनेता का संरक्षण प्राप्त होने के कारण उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। प्रबुद्ध जनों का मानना है कि यदि गैस एजेंसी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की जाए, तो पूरी घटना का सच सामने आ सकता है। आखिर किसके शह पर एक उपभोक्ता के साथ इस प्रकार की अमर्यादित घटना को अंजाम दिया गया, यह पुलिस प्रशासन के लिए गहन जांच का विषय है।गौरतलब है कि उक्त गैस एजेंसी अपनी प्रशासनिक अनियमितताओं के कारण पहले से ही जिलाधिकारी की जांच के दायरे में है, जहां भौतिक सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड में दर्ज 393 सिलेंडरों के मुकाबले गोदाम पूरी तरह खाली पाया गया था। स्थानीय उपभोक्ताओं ने इस प्रकार के दुर्व्यवहार पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की है।









