बढ़नी बॉर्डर के पास नेपाल में पकड़ी गई नशे की बड़ी खेप, 5.22 किलो चरस व 10 किलो अफीम के साथ 5 महिला तस्कर गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर • 24 Aug 2026, 9:54 pm

बढ़नी / कृष्णनगर।
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बढ़नी बॉर्डर से सटे कपिलवस्तु जिले के कृष्णनगर क्षेत्र से पांच महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 5.225 किलोग्राम शुद्ध चरस और 10 किलोग्राम अफीम बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तस्कर इस बड़ी खेप को खुली सीमा के रास्ते भारत में खपाने की योजना बना रहे थे।
कपिलवस्तु पुलिस के डीएसपी व सूचना अधिकारी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम कृष्णनगर नगरपालिका-2 स्थित पुराने बस पार्क क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान संदिग्ध दिखने पर कुछ महिलाओं को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दाङ जिले की निवासी रतिमा रोका (34) के पास से 5.225 किलोग्राम चरस बरामद हुई। वहीं कपिलवस्तु के विजयनगर गांवपालिका-4 निवासी फनिसरा सारू (45) और नन्सरी घर्ती मगर (56) के पास से 5-5 किलोग्राम अफीम जब्त की गई। इस तस्करी नेटवर्क में संलिप्त दाङ निवासी विमला पुन (43) और पर्सा जिले की चुमा लामिछाने (48) को भी हिरासत में लिया गया है।
डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों को रासायनिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। नेपाल पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर सीमा पार जुड़े तस्करी नेटवर्क, मुख्य सप्लायर और भारतीय क्षेत्र में सक्रिय इनके संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।








