एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम ने शातिर वाहन चोर व छिनैत को दबोचा, दो बाइक व मोबाइल बरामद
सिद्धार्थनगर • 15 Jul 2026, 10:59 pm

उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगरव्यूज़: 79
सिद्धार्थनगर। स्थानीय पुलिस और जनपदीय एसओजी की संयुक्त टीम बुधवार को विवेकानंद तिराहे पर सघन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर और छिनैत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, राहगीर से छीना गया ओप्पो मोबाइल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। इस कार्रवाई से पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी व छिनैती की तीन अलग-अलग वारदातों का सफल अनावरण किया है।
विवेकानंद तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को यह कामयाबी मिली। जब टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी नियमानुसार जामा तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिसिया पूछताछ में जब कड़ाई बरती गई, तो उसने शहर में की गई कई चोरियों और छिनैती की वारदातों को स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई दो मोटरसाइकिलें और छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान मोहम्मद समीर सिद्दीकी (उम्र 22 वर्ष) पुत्र निजामुद्दीन सिद्दीकी, निवासी सिसहनिया, थाना व जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। शातिर ने पूछताछ में बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों से गाड़ियां उड़ाता था और राहगीरों से झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लेता था। इसके बाद वह इन्हें औने-पौने दामों में बेचकर अपने निजी खर्च पूरे करता था।
पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि बरामद लाल व काले रंग की एचएफ डीलक्स बाइक रेलवे स्टेशन परिसर से और नीले रंग की अपाचे बाइक शहर के थाना रोड से चोरी की गई थी। इसके अलावा बरामद ओप्पो मोबाइल फोन काका पैलेस के पास से छीना गया था। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।








