IST: Monday, 3 August 2026 at 11:57 pm

रविवार को बढ़नी फाटक पर टला बड़ा हादसा, पटरियों पर फँसे दो ऑटो, कटघरे में रेलवे पुलिस

सिद्धार्थनगर3 Aug 2026, 9:52 pm

रविवार को बढ़नी फाटक पर टला बड़ा हादसा, पटरियों पर फँसे दो ऑटो, कटघरे में रेलवे पुलिस
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। बढ़नी रेलवे स्टेशन के पश्चिम समपार फाटक पर रविवार को रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खुल गई। ट्रेन आने के वक्त जब गेटमैन फाटक बंद कर रहा था, तभी नियमों को ताक पर रखकर दो ऑटो-रिक्शा बंद होते फाटक के बीच पटरियों पर जा फँसे। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया और बाद में प्रशासन ने वाहनों को कब्जे में लिया, लेकिन इस घटना ने सीधे तौर पर रेलवे पुलिस को कटघरे में खड़ा कर दिया है। संवेदनहीनता का आलम यह है कि व्यस्त और संवेदनशील फाटक होने के बावजूद यहाँ पुलिस बल की तैनाती न के बराबर रहती है, जिससे आए दिन बेखौफ चालक बंद फाटक से गाड़ियां निकालने का दुस्साहस करते हैं। सवाल यह उठता है कि क्या रेल प्रशासन किसी बड़े हादसे और मौतों के आंकड़े का इंतजार कर रहा है, जो हादसे के बाद केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित रहता है? इस पूरी घटना में जहां रेलवे पुलिस की घोर लापरवाही उजागर हुई है, वहीं आम जनता की जल्दबाजी भी बेहद चिंताजनक है। वाहन चालकों को यह समझना होगा कि बंद होता समपार फाटक मौत का बुलावा हो सकता है और महज दो मिनट की हड़बड़ी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। यदि रेल प्रशासन ने रविवार की इस गंभीर घटना से सबक लेते हुए बढ़नी फाटक पर स्थायी सुरक्षा पहरा और सख्त कार्रवाई शुरू नहीं की, तो भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े रेल हादसे की पूरी जिम्मेदारी रेलवे पुलिस तंत्र की होगी।

संबंधित खबरें