IST: Thursday, 16 July 2026 at 3:47 am

बढ़नी में हरिशंकरी पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने के लिए बृहद तैयारी बैठक संपन्न

सिद्धार्थनगर15 Jul 2026, 11:25 pm

बढ़नी में हरिशंकरी पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने के लिए बृहद तैयारी बैठक संपन्न
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगरव्यूज़: 62
सिद्धार्थनगर। लोकभारती एवं जिला प्रशासन, सिद्धार्थनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले बृहद हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों के क्रम में विकास खण्ड बढ़नी के ब्लॉक सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक खंड विकास अधिकारी बढ़नी अनिशि मणि पांडेय के निर्देशानुसार सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता एडीओ पंचायत ने की। बैठक में लोकभारती के ब्लॉक संयोजक सुनील कुमार चौधरी ने हरिशंकरी के तीनों पौधों को एक साथ लगाने की वैज्ञानिक एवं पारंपरिक विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने पौधरोपण के लिए गड्ढे की तैयारी, जीवामृत एवं घन जीवामृत जैसे जैविक खाद के उपयोग, पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई तथा संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उसका संरक्षण उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। प्रत्येक ग्राम पंचायत, सरकारी कार्यालय, विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर हरिशंकरी का पौधरोपण कर इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। सबल संस्थान के सचिव दीनानाथ ने पर्यावरण चेतना पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा। एडीओ कृषि राम सेवक यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हरिशंकरी के पौधे पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण एवं जैव विविधता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी विभागों एवं ग्राम पंचायतों से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। अंत में एडीओ पंचायत ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक हरिशंकरी पौधरोपण कर अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शाहिद सिराज, राम बिलास (एडीओ पंचायत), राम सेवक यादव (एडीओ कृषि), संतोष कुमार (एडीओ आईएसबी), सचिव मोहम्मद नियाज ,शकील अहमद, उदय प्रताप गौतम, अवधेश यादव, दिलीप यादव, भानु सिंह, उमेश कुमार, कमलेश कुमार, सानेरब, महेंद्र कुमार (लेखाकार),, दीनानाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान यशोदा नंद मिश्रा, अजय प्रताप, इमरान अहमद, किस्मत अली एवं रोजगार सेवक, सफाई कर्मी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें