गांधी आदर्श इंटर कॉलेज में ₹9 लाख की लागत से बनेगा शौचालय, नपं अध्यक्ष ने किया शिलान्यास
सिद्धार्थनगर • 21 Aug 2026, 9:16 pm

बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।
नगर पंचायत बढ़नी स्थित गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शुक्रवार को 9 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सार्वजनिक शौचालय का शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत इस निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ कराया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने खेल मैदान में शौचालय निर्माण की मांग रखी थी। विद्यार्थियों की इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने इसे प्राथमिकता पर लिया और त्वरित स्वीकृति प्रदान की। खेल मैदान में शौचालय की सुविधा मिलने से नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं व खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने कहा कि विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। खेल मैदान में लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा, रवि अग्रहरि, सिद्धार्थ शंकर पाठक, अनिल अग्रहरि, रामधनी मौर्य, ध्रुव चतुर्वेदी, राजेश्वर शाह, रामराम कन्नौजिया, अभिषेक यादव, बृजेश अग्रहरि, बरकत सहित शिक्षकगण, नगर पंचायत कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








