IST: Tuesday, 1 September 2026 at 4:30 am

बूढ़ी राप्ती नदी किनारे लावारिस मिला ई-रिक्शा और खून के छींटे, चालक संदिग्ध हालात में लापता

सिद्धार्थनगर31 Aug 2026, 8:40 pm

बूढ़ी राप्ती नदी किनारे लावारिस मिला ई-रिक्शा और खून के छींटे, चालक संदिग्ध हालात में लापता
सिद्धार्थनगर : इटवा थाना क्षेत्र के कपिया गांव निवासी एक ई-रिक्शा चालक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। चालक का लावारिस ई-रिक्शा और मोबाइल फोन ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बूढ़ी राप्ती नदी (मुंहचुरवा घाट) के किनारे बरामद हुआ है। घटनास्थल पर वाहन के पास खून के छींटे मिलने से परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा अनहोनी और हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, कपिया गांव निवासी हरिश्चंद्र पुत्र रामगुलाम रात करीब 11:30 बजे घर पर ट्रेन देखने जाने की बात कहकर ई-रिक्शा लेकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। गश्त के दौरान पुलिस को मुंहचुरवा घाट के पास लावारिस ई-रिक्शा खड़ा मिला। नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस ने जब परिजनों से संपर्क किया, तो मौके पर पहुंचे परिजनों ने वाहन और मोबाइल की शिनाख्त की, किंतु चालक हरिश्चंद्र का कोई पता नहीं चला। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। परिजनों की तहरीर के आधार पर ढेबरुआ थाने में सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि मुंहचुरवा घाट के पास लावारिस ई-रिक्शा और खून के छींटे मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। लापता चालक की तलाश के लिए बूढ़ी राप्ती नदी में एनडीआरएफ (NDRF) की टीम, स्थानीय गोताखोरों और कई थानों की पुलिस टीमों को लगाकर सघन कांबिंग और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

संबंधित खबरें