IST: Wednesday, 29 July 2026 at 4:27 pm

सड़क किनारे घारी में अनियंत्रित ट्रक-ट्रेलर पलटा, दबकर युवक व 12 मवेशियों की मौत; चालक पुलिस हिरासत में

सिद्धार्थनगर29 Jul 2026, 1:59 pm

सड़क किनारे घारी में अनियंत्रित ट्रक-ट्रेलर पलटा, दबकर युवक व 12 मवेशियों की मौत; चालक पुलिस हिरासत में
बढ़नी,सिद्धार्थनगर: इटवा-बढ़नी मार्ग (SH-75) पर स्थित ग्राम पंचायत रामनगर में बुधवार तड़के लगभग 3:45 बजे एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ इटवा से बढ़नी की ओर जा रहा कच्चा आयरन लदा एक अनियंत्रित ट्रक-ट्रेलर (JH02BW9922) सड़क किनारे बनी घारी पर पलट गया। इस हादसे में घारी में सो रहे 20 वर्षीय युवक सूरज यादव पुत्र रामप्रसाद की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि उनके काका हरीराम यादव और रामासरे घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस में दी गई तहरीर के अनुसार, सड़क के बिल्कुल किनारे घारी बनी थी और वहीं मवेशी बंधे हुए थे, यदि सड़क किनारे मवेशी न बंधे होते तो शायद इतना बड़ा हादसा टल सकता था; ट्रक के पलटते ही मवेशी भारी-भरकम वाहन व लोहे क्लिंकर के मलबे के नीचे दब गए, जिससे 4 गाय और 8 भैंसों की दर्दनाक मौत हो गई, दो मवेशी घायल हो गए तथा झोपड़ी, चारा मशीनें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे ट्रक चालक सुजीत कुमार को पकड़ लिया और इसकी सूचना ढेबरुआ पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने चालक को अपनी हिरासत में लेकर थाने पहुँचाया। हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम शोहरतगढ़ राजेश कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी, राजस्व टीम, पशुचिकित्सा अधिकारी बढ़नी डॉ. राकेश कुमार गुप्ता की टीम और चार थानों (ढेबरुआ, कठेला समय माता, शोहरतगढ़ व चिल्हिया) की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुँचकर भारी-भरकम जेसीबी व हाइड्रा क्रेन की मदद से ट्रक और मलबे को हटवाकर राहत-बचाव कार्य पूरा कराया। सुबह पुलिस ने मृतक युवक सूरज के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं पशु चिकित्सा विभाग द्वारा मृत मवेशियों का भी पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस व प्रशासन के सहयोग से सभी मृत मवेशियों को ट्रैक्टर-ट्राली पर लदवाकर दफ़नाने के लिए भेजा गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है, पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित खबरें