बच्चों के निवाले पर फिर डाका: धनौरा बुजुर्ग के प्राइमरी स्कूल में चोरी; 1.5 कुंतल राशन पार, साउंड स्पीकर तोड़कर भागे चोर
सिद्धार्थनगर • 22 Jul 2026, 1:17 pm

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे न सिर्फ चोरी कर रहे हैं, बल्कि सरकारी संपत्ति को भी बेखौफ होकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत धनौरा बुजुर्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय का है, जहां बीती रात ताला तोड़कर घुसे चोरों ने मिड-डे मील के लिए रखा लगभग 1.5 कुंतल राशन पार कर दिया और बच्चों की पढ़ाई में इस्तेमाल होने वाले साउंड सिस्टम को वहीं तोड़कर तहस-नहस कर दिया। सुबह जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो यह बदहाली देखकर चौंक गए और तुरंत 112 नंबर व बढ़नी चौकी पुलिस को सूचना दी।
यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते दिनों भी क्षेत्र के कई विद्यालयों के ताले तोड़कर चोरों ने गैस सिलेंडर, बर्तन और राशन सामग्री चुरा ली थी। उन मामलों में भी विद्यालय प्रशासनों द्वारा पुलिस को लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस की ढिलाई के कारण चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन हो रही इन छोटी-मोटी घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस तंत्र पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।
क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग का कहना है कि बढ़नी कस्बे और आसपास के इलाकों में स्मैक तथा प्रतिबंधित नारकोटिक्स दवाओं का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। नशे की लत पूरी करने के लिए नशेड़ी ऐसी चोरियों और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यदि इस फलते-फूलते नशा कारोबार और नाममात्र की पुलिस गश्त पर तुरंत नकेल नहीं कसी गई, तो क्षेत्र में छिनैती व लूट जैसी बड़ी वारदातें होना तय है। अब देखना यह है कि बार-बार हो रही इन वारदातों के बाद भी पुलिस महकमा नींद से जगता है या मामले को ठंडे बस्ते में डाल देता है।









