IST: Thursday, 27 August 2026 at 6:23 pm

बढ़नी: सीमा सुरक्षा व अवैध घुसपैठ के खिलाफ जागरूकता अभियान, निकाली गई पैदल यात्रा

सिद्धार्थनगर16 Aug 2026, 9:58 pm

बढ़नी: सीमा सुरक्षा व अवैध घुसपैठ के खिलाफ जागरूकता अभियान, निकाली गई पैदल यात्रा
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से रविवार को बढ़नी कस्बे में एक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। हिंदू युवा वाहिनी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा, कर्मयोगी परिवार और अन्य स्थानीय संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। इस दौरान मालगोदाम तिराहे से नेपाल सीमा तक जागरूकता पैदल यात्रा निकाली गई और सीमा सुरक्षा के समर्थन में मानव श्रृंखला भी बनाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा देश की आंतरिक सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और नियमों के उल्लंघन पर प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता जताई। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सीमावर्ती इलाकों में अनधिकृत निर्माणों और अवैध आवाजाही की रोकथाम पर बल दिया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, चंद्र प्रकाश वर्मा, धर्मराज वर्मा, राजकुमार उर्फ राजू शाही, भानुप्रताप सिंह और अजय सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी सीमा सुरक्षा और स्थानीय जागरूकता को लेकर अपने विचार रखे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ राजेश कुमार की देखरेख में पुलिस व प्रशासनिक बल मौके पर तैनात रहा। अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

संबंधित खबरें