बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में मिला अधेड़ का शव, जेब में मिले गेट पास से हुई शिनाख्त
सिद्धार्थनगर • 2 Sept 2026, 10:22 pm

बढ़नी (सिद्धार्थनगर): ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्टेशन परिसर में शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। आरपीएफ जवानों द्वारा शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत औपचारिक रूप से मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले गेट पास व पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त राजेंद्र (50) पुत्र रमई, निवासी बेतहनिया करहिया, थाना पचपेड़वा, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, राजेंद्र गोवा में रहकर काम करता था और वहीं से कमाकर घर वापस लौट रहा था। स्टेशन परिसर में वह केवल शर्ट और अंतःवस्त्र पहने मिला, जबकि उसकी पैंट, मोबाइल, कपड़े और अन्य जरूरी चीजें मौके से नदारद थीं। शरीर से वस्त्रों का गायब होना और मोबाइल व अन्य सामान का न मिलना पूरी घटना को गहरे संदेह के घेरे में खड़ा कर रहा है, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और अपने पीछे तीन पुत्र व तीन पुत्रियों (जिनमें केवल एक की शादी हुई है) का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है।
मृतक की पुत्री गुड़िया ने बताया कि 31 अगस्त को पिताजी से अंतिम बार वीडियो और ऑडियो कॉल पर बात हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे कल तक घर पहुंच जाएंगे। उसके बाद से न तो उनका कोई फोन आया और न ही संपर्क हो सका, जिसके बाद बुधवार को पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। वहीं मामले में ढेबरुआ थाने के उप निरीक्षक सोमनाथ शर्मा ने बताया कि पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचित कर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बहरहाल, मामला जो भी हो, अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसका मोबाइल व कपड़े कहां गए और ट्रेन से उतरकर वह स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंचा, यह सब पुलिस जांच का अहम विषय बना हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुटी है।









