IST: Friday, 4 September 2026 at 12:07 am

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर सीओ मयंक द्विवेदी सख्त, मातहतों को दिए कड़े निर्देश

सिद्धार्थनगर3 Sept 2026, 10:59 pm

लंबित विवेचनाओं के निस्तारण को लेकर सीओ मयंक द्विवेदी सख्त, मातहतों को दिए कड़े निर्देश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर (OK Talk India): सर्किल क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और लंबित मुकदमों के त्वरित निस्तारण को लेकर क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने कड़ा रुख अपनाया है। सर्किल कार्यालय पर गुरुवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने सर्किल के सभी विवेचकों (जांच अधिकारियों) के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान क्षेत्राधिकारी ने पुराने लंबित मामलों और जांच प्रक्रिया की प्रगति आख्या जांची। उन्होंने विवेचकों को सख्त हिदायत दी कि सभी विवेचनाओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, जांच में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शी व डिजिटल पुलिसिंग पर जोर देते हुए उन्होंने 'ई-साक्ष्य ऐप' तथा 'ई-सम्मन' प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनता से प्राप्त शिकायती प्रार्थना-पत्रों की निष्पक्ष जांच कर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा। क्षेत्राधिकारी ने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए थानों के माध्यम से ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखा जा सके।

संबंधित खबरें