IST: Tuesday, 28 July 2026 at 9:27 pm

राहुल गांधी से अभद्रता और नीट धांधली के विरोध में कांग्रेसी मुखर, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

सिद्धार्थनगर22 Jul 2026, 9:58 pm

राहुल गांधी से अभद्रता और नीट धांधली के विरोध में कांग्रेसी मुखर, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
सिद्धार्थनगर। नीट परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दिल्ली में छात्र आंदोलन का समर्थन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी समेत शीर्ष कांग्रेसी नेताओं के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को जिले के कांग्रेसियों का गुस्सा फूट पड़ा। जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे दर्जनों कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य सांसद युवाओं के भविष्य से जुड़े नीट पेपर लीक मामले को लेकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करा रहे थे। लेकिन केंद्र के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करते हुए राहुल गांधी को बलपूर्वक हिरासत में लिया। यह न सिर्फ विपक्ष के अधिकारों का हनन है, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे और संविधान पर सीधा आघात है। उन्होंने दो टूक कहा कि दमनकारी नीतियों के आगे कांग्रेस का संघर्ष थमने वाला नहीं है। राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में कांग्रेसियों ने दिल्ली की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने और विपक्ष के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही नीट धांधली की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की पुरजोर वकालत की। इस दौरान कृष्ण बहादुर सिंह, डॉ. नादिर सलाम, जावेद मोकीम, राजन श्रीवास्तव, सादिक अहमद, बदरे आलम, सतीश चंद्र त्रिपाठी, इश्तियाक चौधरी, मनोज श्रीवास्तव, गालिब बिसेन, इश्तियाक चौधरी, पंकज चतुर्वेदी,पप्पू खान, होरी लाल श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद कुमार, मोहम्मद याकूब, शौकत अली, पंकज पांडेय, दिवाकर त्रिपाठी, सौरभ पंछी, पवन पांडेय, वाहिद खान, श्याम किशोर पांडेय, भीखुल्लाह, एहसानुल्लाह, अकबर अली, प्रेमजीत त्रिपाठी, हिमांशु त्रिपाठी, रवि प्रजापति, मोहम्मद उस्मान, शफीक समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित खबरें