भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की समन्वय बैठक: डीआईजी ने सीमावर्ती व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बढ़नी बॉर्डर पर किया पैदल गश्त
सिद्धार्थनगर • 9 Sept 2026, 10:52 pm

सिद्धार्थनगर। आगामी त्योहारों और सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत बुधवार को बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के साथ बढ़नी एसएसबी कैम्प में सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बैठक की। इसके उपरांत अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बलों के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसबी कैम्प में आयोजित बैठक में डीआईजी ने सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी), खुफिया ब्यूरो (आईबी), कस्टम, पुलिस, एलआईयू और 'रॉ' सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया। बैठक में सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग, नियमित पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने और अवैध तस्करी व घुसपैठ पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के पश्चात डीआईजी संजीव त्यागी और एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने थाना ढेबरुआ अंतर्गत बढ़नी बॉर्डर पर एसएसबी और स्थानीय पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। उन्होंने सीमा चौकियों पर तैनात जवानों को पूरी मुस्तैदी बरतने और सीमावर्ती नागरिकों के भौतिक सत्यापन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की हिदायत दी।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी बांसी सुबेंदु सिंह, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा, एसएसबी के कमांडेंट, कस्टम, आईबी व पुलिस के अधिकारियों सहित विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक व पुलिसकर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।








