जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने किया निर्माणाधीन सैनिक कल्याण कार्यालय व विश्राम गृह का निरीक्षण, समय से कार्य पूर्ण कर हैंडओवर के दिए निर्देश
सिद्धार्थनगर • 5 Aug 2026, 10:09 pm

सिद्धार्थनगर। जनपद में विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता को परखने के क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने बुधवार को निर्माणाधीन सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर व पूरे भवन के एक-एक हिस्से का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि स्वीकृत परियोजना के तहत मुख्य भवन तथा टाइप-1 आवास का निर्माण कराया जाना है, जिसमें मुख्य भवन में टाइल्स बिछाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भवन के शेष बचे सभी फिनिशिंग व निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्माण कार्य पूरा कर जल्द से जल्द भवन को संबंधित विभाग को हैंडओवर कराया जाए। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, सिडको के जूनियर इंजीनियर (जेई) वैभव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









