लोटन साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से ठगी के शिकार पीड़ित को वापस मिले 10 हजार रुपये
सिद्धार्थनगर • 23 Jul 2026, 8:48 pm

सिद्धार्थनगर (OK Talk India News)।
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली लोटन पुलिस और साइबर सेल की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार एक पीड़ित के खाते में ठगे गए 10 हजार रुपये शत-प्रतिशत वापस करा दिए हैं। मामला लोटन थाना क्षेत्र के करमी गाँव का है, जहाँ के निवासी अनिल शर्मा पुत्र उमाशंकर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए थे। पीड़ित ने बीते 20 जुलाई को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत शौरयान के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। पुलिस के निरंतर प्रयासों के चलते पीड़ित अनिल शर्मा के बैंक खाते में पूरी धनराशि ₹10,000/- सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई। अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन का सहृदय आभार जताया है। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा, उप-निरीक्षक रवीन्द्र यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर गौरवकांत, हेड कांस्टेबल अंकित सिंह, महिला कांस्टेबल पूजा वर्मा तथा रिक्रूट महिला कांस्टेबल कीर्ति शामिल रहीं।









