IST: Thursday, 27 August 2026 at 5:06 pm

गाजा फ्लोटिला विवाद: तुर्किए ने इजरायली पीएम नेतन्याहू के खिलाफ इंटरपोल से किया रेड नोटिस का अनुरोध

इस्तांबुल/अंकारा।21 Aug 2026, 9:56 pm

गाजा फ्लोटिला विवाद: तुर्किए ने इजरायली पीएम नेतन्याहू के खिलाफ इंटरपोल से किया रेड नोटिस का अनुरोध
OK Talk India News इस्तांबुल/अंकारा। गाजा की समुद्री नाकेबंदी को लेकर तुर्किए और इजरायल के बीच कूटनीतिक तनाव एक बार फिर गहरा गया है। तुर्किए सरकार ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और एक अन्य शीर्ष इजरायली अधिकारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी 'इंटरपोल' से रेड नोटिस जारी करने का औपचारिक अनुरोध किया है। तुर्किए के न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने इस कानूनी कदम की जानकारी दी। तुर्किए का आरोप है कि गाजा की ओर जा रहे मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के सहायता जहाजी बेड़े (फ्लोटिला) को इजरायली बलों द्वारा अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में रोका गया था। इसी मामले को लेकर इस्तांबुल की एक स्थानीय अदालत में नेतन्याहू और अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर-हाजिरी में सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन और मानवाधिकार हनन से जुड़े आरोप शामिल किए गए हैं। इजरायल ने आरोपों को बताया निराधार दूसरी ओर, इजरायल ने तुर्किए की इस न्यायिक कार्रवाई और सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तुर्किए के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन के रुख की आलोचना करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है। इजरायल का कहना है कि यह कदम केवल कूटनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है, जिसका कोई ठोस कानूनी आधार नहीं है। दोनों देशों के बीच पहले भी रहा है तनाव गाजा संकट और फ्लोटिला मामलों को लेकर तुर्किए और इजरायल के बीच पहले भी गंभीर मतभेद रहे हैं। इससे पूर्व 2010 में भी सहायता जहाजों के काफिले (मावी मारमरा) को लेकर दोनों देशों के संबंध वर्षों तक प्रभावित रहे थे। हालिया घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तल्खी और बढ़ने के आसार हैं।

संबंधित खबरें