IST: Monday, 26 October 2026 at 10:02 pm

सरेराह दुस्साहस: सिद्धार्थनगर में 'हिंदुस्तान' के वरिष्ठ पत्रकार से असलहे के बल पर 29 हजार रुपये लूटे

सिद्धार्थनगर • 30 Jun 2026, 8:38 pm

सरेराह दुस्साहस: सिद्धार्थनगर में 'हिंदुस्तान' के वरिष्ठ पत्रकार से असलहे के बल पर 29 हजार रुपये लूटे
सिद्धार्थनगर :जिला मुख्यालय पर मंगलवार को दोपहर में हुई लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त अशोक मार्ग स्थित बुद्ध पार्क के पास दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने असलहे के बल पर 'हिंदुस्तान' समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार आसिफ इकबाल से 29 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। शास्त्रीनगर निवासी वरिष्ठ पत्रकार के साथ दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से जिले के मीडियाकर्मियों, व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, 'हिंदुस्तान' के वरिष्ठ पत्रकार आसिफ इकबाल मंगलवार दोपहर अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से साड़ी तिराहे की ओर जा रहे थे। वे जैसे ही बुद्ध पार्क के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने तुरंत असलहा तान दिया और उनकी जेब में रखे 29 हजार रुपये जबरन निकाल लिए। जब वरिष्ठ पत्रकार और उनके साथी ने इसका विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिरा दिया और मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े एक प्रतिष्ठित अखबार के वरिष्ठ पत्रकार के साथ हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसओजी (SOG) की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पीड़ित पत्रकार ने सदर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शहर के निकास द्वारों पर नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया है और घटनास्थल व उसके आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाशों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। लोकतंत्र में पत्रकार समाज की आंख और कान होता है। यदि जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त मार्ग पर दोपहर के समय 'हिंदुस्तान' जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के एक वरिष्ठ पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे ही मानी जाएगी। यह वारदात स्थानीय पुलिस के लिए महज एक लूट का केस नहीं, बल्कि अपराधियों में खाकी के खौफ और कानून-व्यवस्था पर जनता के विश्वास की परीक्षा है। पुलिस को जल्द से जल्द इन लुटेरों को सलाखों के पीछे भेजना होगा।

संबंधित खबरें