IST: Thursday, 16 July 2026 at 3:46 am

विकास भवन में किसान दिवस आयोजित, समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सिद्धार्थनगर15 Jul 2026, 11:04 pm

विकास भवन में किसान दिवस आयोजित, समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगरव्यूज़: 56
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत में उप कृषि निदेशक द्वारा पिछली बैठक की कार्यवृत्त को पढ़ा गया, जिसके तहत अधिकांश पुरानी शिकायतों का निस्तारण कराया जा चुका है। किसान दिवस में उपस्थित किसानों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि कृषक अपनी समस्याओं को लिखित रूप में दें, ताकि उनका त्वरित निस्तारण कराया जा सके। उन्होंने इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को स्वयं उपस्थित रहने की कड़ी हिदायत दी। जिलाधिकारी ने किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, बिजली बिल, दवा, बीज तथा सिंचाई से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थियों के खाते में क्षतिपूर्ति की धनराशि तत्काल प्रेषित कराने की बात कही। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारीगण किसानों की समस्याओं का शत-प्रतिशत व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए। बैठक के अंत में जिला कृषि अधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों व सम्मानित कृषकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रवि शंकर पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी विमलकान्त, सहायक निदेशक मत्स्य, अधिशासी अभियंता विद्युत (नौगढ़) ज्ञान प्रकाश तथा किसान यूनियन के समस्त पदाधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें