भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: बढ़नी में चाइनीज केमिकल के साथ तीन नेपाली नागरिक गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर • 7 Aug 2026, 11:25 pm

बढ़नी (सिद्धार्थनगर): भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 'सी' कंपनी, बढ़नी के 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बलरामपुर के जवानों ने बॉर्डर पर ओपी ड्यूटी के दौरान तीन नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। घटना स्थल पर उनके कब्जे से 84 बोतल (75.6 लीटर) चाइनीज केमिकल michel (टायर केमिकल) बरामद किया गया।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर नियमित निगरानी एवं चेकिंग के दौरान भारत की ओर संदिग्ध रूप से जा रहे तीनों व्यक्तियों को सीमा पर रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से उपर्युक्त सामान की बरामदगी हुई।
'सी' कंपनी, बढ़नी, 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बलरामपुर भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी एवं अन्य सीमा पार अपराधों की रोकथाम हेतु स्थानीय पुलिस एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। आमजन से सहयोग की अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस अथवा सशस्त्र सीमा बल को दें।








