समय माता मंदिर परिसर में संपन्न हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ, रोपे गए हजारों पौधे
सिद्धार्थनगर • 12 Jul 2026, 5:20 pm

उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगरव्यूज़: 301
सिद्धार्थनगर। पर्यावरण संरक्षण और 'ग्रीन फील्ड' के निर्माण को लेकर रविवार को विकास खंड नौगढ़ के धौरीकुईयां स्थित प्रसिद्ध समय माता मंदिर परिसर में 'एक पेड़ माँ के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस महाअभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह, नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगाराव, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। कार्यक्रम के आरंभ में जिलाधिकारी ने सभी अतिथिगणों को स्मृति चिन्ह और पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया, जिसके बाद स्कूली बच्चों ने मनमोहक स्वागत और पर्यावरण गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महायज्ञ को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जसवंत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस प्रकार मां हमारा पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार हमारा भी यह कर्तव्य है कि हम पेड़ लगाकर उसकी पूरी देखभाल करें, क्योंकि पर्यावरण को संतुलित करने का एकमात्र उपाय वृक्षारोपण ही है। वहीं, विधायक श्यामधनी राही ने पूरे प्रदेश में चल रहे इस वृहद अभियान की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिद्धार्थनगर अब पिछड़ेपन से निकलकर अग्रणी जिलों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सभी से एक पौधा अवश्य लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने भी जल संचयन और जल संरक्षण के लिए पेड़ों की आवश्यकता पर जोर देते हुए शुद्ध हवा और ऑक्सीजन के लिए वृक्षों को जीवन का आधार बताया।
प्रशासनिक तैयारियों और लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए शासन के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव एस.वी.एस. रंगाराव ने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने के बड़े लक्ष्य के तहत सिद्धार्थनगर जिले को 45,65,400 पौधे रोपने का जिम्मा मिला है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस लक्ष्य से भी कहीं अधिक वृक्षारोपण करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने चेताया कि पहले समय पर बारिश होती थी, लेकिन आज वृक्षों की कमी के कारण बारिश कम हो रही है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के सपने में देश को 'ग्रीन फील्ड' बनाना भी शामिल है। अंत में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सफल आयोजन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम जनता का आभार व्यक्त किया।
इस वृहद पौधारोपण महाअभियान के अवसर पर जिले के कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, डीएफओ नीला एम., डुमरियागंज सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, नौगढ़ ब्लॉक प्रमुख रेनू मिश्रा, उपजिलाधिकारी राहुल सिंह, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, पीडी अनिल कुमार, वन विभाग की एसडीओ बीना तिवारी और खंड विकास अधिकारी सहित तमाम अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।








