कालानमक चावल को वैश्विक बाज़ार देने की तैयारी, लूलू मॉल और ब्लिंकिट से होगा करार
सिद्धार्थनगर • 23 Jul 2026, 8:28 pm

सिद्धार्थनगर (OK Talk India News)।
‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत सिद्धार्थनगर की पहचान बन चुके ऐतिहासिक कालानमक चावल को देश और दुनिया के कोने-कोने तक पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. की अध्यक्षता में आयोजित कालानमक चावल 'सामान्य सुविधा केन्द्र' (सीएफसी) की जनपद स्तरीय समिति की बैठक में उत्पाद को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि करने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में कालानमक धान के उत्पादन का क्षेत्रफल बढ़ाने के लिए किसानों के साथ अनुबंधित खेती को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर किसान गोष्ठियों का आयोजन कर प्रचार-प्रसार करने तथा सीएफसी से जुड़ने वाले किसान सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर ज़ोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सीएफसी निदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि कालानमक चावल की उपलब्धता को सुगम बनाने के लिए लूलू मॉल, ब्लिंकिट और बिग बाज़ार जैसी बड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय रिटेल कंपनियों से जल्द से जल्द व्यावसायिक अनुबंध किया जाए, जिससे स्थानीय उत्पाद को वैश्विक पहचान मिल सके।
बैठक में सीएफसी के निदेशक ने बताया कि आगामी वित्तीय सत्र के लिए 1500 मीट्रिक टन धान के क्रय और प्रसंस्करण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंगापुर की प्रसिद्ध कंपनी 'बुद्धा राइस' के अलावा 'किसानसाय', पीआरडीएफ और विभिन्न एफपीओ के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इसके साथ ही किसानों को बड़ी राहत देते हुए समिति ने घोषणा की कि 4 टन या उससे अधिक कालानमक धान उपलब्ध कराने वाले किसानों और सदस्यों के लिए प्रसंस्करण और परिवहन सुविधा पूरी तरह से निःशुल्क रहेगी। वहीं, किसानों को उपज की शत-प्रतिशत बिक्री की गारंटी देते हुए बाज़ार दर से 5 से 10 प्रतिशत तक अतिरिक्त मूल्य प्रदान किया जाएगा।
योजना से जुड़ने के इच्छुक किसान, उत्पादक या क्रेता-विक्रेता सीएफसी निदेशक अभिषेक सिंह (मोबाइल नंबर: 6394579962) अथवा ओडीओपी मण्डल कंसल्टेंट तोषन्द्र कुमार मिश्रा (मोबाइल नंबर: 8427824466) से किसी भी कार्यदिवस में सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग शिव शंकर कुमार, अनुराग सिंह, इन्वेस्ट यूपी के उद्यमी मित्र, दीनानाथ, अजय रावत, सुजाता, शिवांस सहित एसपीवी के अन्य सदस्य और स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।









