दिव्यांगों को स्वावलंबी बनाएगा 'पर्पल फेयर', सीएमओ कार्यालय में गठित होगा समर्पित दिव्यांग प्रकोष्ठ: जिलाधिकारी
सिद्धार्थनगर • 22 Jul 2026, 10:09 pm

सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से संबद्ध विभिन्न समितियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिला दिव्यांग समिति, जिला प्रबंधन समिति, यूनिक डिसेबिलिटी अनुश्रवण समिति एवं लोकल लेवल कमेटी के कार्यों की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने जिले में 'पर्पल फेयर' (विशेष रोजगार मेला) आयोजित करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि योग्य दिव्यांग युवाओं को सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को दिव्यांग-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने दिव्यांग बोर्ड स्थल पर शीतल पेयजल और निर्बाध आवागमन हेतु मानक के अनुसार रैंप निर्माण कराने के आदेश दिए। विभागीय प्रक्रियाओं को गति देने के लिए स्वावलंबन पोर्टल swavlambancard.gov.in पर लंबित पड़े सभी आवेदनों को शत-प्रतिशत निस्तारित करने का अल्टीमेटम दिया गया। दिव्यांगजनों की सहूलियत और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सीएमओ कार्यालय परिसर में एक स्थायी 'दिव्यांग प्रकोष्ठ' गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस उप अधीक्षक (नौगढ़), जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, संचित विकास संस्थान के प्रबंधक एवं सिद्धार्थ महाविद्यालय के प्रतिनिधियों समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।









