IST: Thursday, 30 July 2026 at 1:00 am

नेपाल ले जाई जा रही असम की युवती का सशस्त्र सीमा बल ने किया रेस्क्यू: बढ़नी सीमा पर मानव तस्करी का संदिग्ध प्रयास विफल, एक नेपाली युवक पुलिस के सुपुर्द

सिद्धार्थनगर29 Jul 2026, 10:51 pm

नेपाल ले जाई जा रही असम की युवती का सशस्त्र सीमा बल ने किया रेस्क्यू: बढ़नी सीमा पर मानव तस्करी का संदिग्ध प्रयास विफल, एक नेपाली युवक पुलिस के सुपुर्द
सिद्धार्थनगर : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की 'सी' कंपनी बढ़नी के जवानों ने सतर्कता का परिचय देते हुए मानव तस्करी के एक संदिग्ध प्रयास को नाकाम कर दिया है। सीमा गश्त के दौरान सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने एक असमिया युवती को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि उसे नेपाल ले जा रहे एक नेपाली युवक को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस को सौंप दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को नियमित सीमा निगरानी के दौरान सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने भारत से नेपाल की ओर पैदल जा रहे एक युवक और युवती को रोका। कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों के बयानों में भारी विरोधाभास देखने को मिला। युवती को दूसरे देश ले जाने के संबंध में युवक कोई संतोषजनक कारण नहीं दे सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए सशस्त्र सीमा बल ने मानक कार्यप्रणाली के तहत तुरंत संबंधित सहयोगी एजेंसियों और बाल कल्याण एनजीओ को मौके पर बुलाकर संयुक्त पूछताछ व सत्यापन कराया, जिसके बाद युवती को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि असम के उदालगुड़ी जनपद की रहने वाली इस युवती की पहचान लगभग एक वर्ष पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए नेपाली युवक से हुई थी। आरोपी युवक की पहचान 22 वर्षीय राकेश चमार (पुत्र पूजन रैदास), निवासी ग्राम भिलमी, थाना कर्मा, जिला कपिलवस्तु (नेपाल) के रूप में हुई है। आरोपी युवक बहला-फुसलाकर युवती को सीमा पार नेपाल ले जाने की फिराक में था। मामले में मानव तस्करी की प्रबल संभावना को देखते हुए सशस्त्र सीमा बल ने दोनों को सिद्धार्थनगर जिले की स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां पुलिस अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस सफलता पर 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बलरामपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर बनने वाले अनजान रिश्तों व संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदेहास्पद सूचना को तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या सशस्त्र सीमा बल को दें।

संबंधित खबरें