IST: Tuesday, 28 July 2026 at 9:33 pm

शोहरतगढ़: बैदौली घाट हादसे के पीड़ितों से मिले कांग्रेस नेता डॉ. नादिर सलाम, प्रशासन से की मुआयजे की माँग

सिद्धार्थनगर25 Jul 2026, 12:00 am

शोहरतगढ़: बैदौली घाट हादसे के पीड़ितों से मिले कांग्रेस नेता डॉ. नादिर सलाम, प्रशासन से की मुआयजे की माँग
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। तहसील क्षेत्र के बैदौली घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने आए ग्राम पंचायत माधवपुर (टोला मिझुनिया) के तीन युवकों की नदी में डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। शुक्रवार दोपहर तीनों युवकों के शव बरामद होते ही गांव व आसपास के क्षेत्रों में सन्नाटा छा गया। महज़ 18 से 19 वर्ष की अल्पायु में तीन होनहार युवाओं के असमय निधन से हर कोई स्तब्ध और मर्माहत है। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं 302 विधानसभा शोहरतगढ़ के नेता डॉ. नादिर सलाम पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन घड़ी में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया। संवेदना व्यक्त करते हुए डॉ. नादिर सलाम ने कहा कि यह बेहद दुखद और मर्मांतक हादसा है। इतनी कम उम्र में तीन युवाओं का यूं अचानक चले जाना परिवारों और पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में वे पूरी तरह से पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह असहनीय आघात सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। डॉ. नादिर सलाम ने स्थानीय प्रशासन से अपील की कि पीड़ित परिवारों को सरकारी नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने बैदौली घाट पर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध और चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग की। इस दौरान उनके साथ सिद्दीक, अलाउद्दीन, अजय कुमार, दिलीप और राजकुमार सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें