सिद्धार्थनगर: बाणगंगा नदी में डूबे तीनों युवकों के शव 24 घंटे बाद मिले, मछुआरा गोताखोर हुए सम्मानित
सिद्धार्थनगर • 24 Jul 2026, 11:48 pm

सरताज आलम
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। तहसील क्षेत्र की बाणगंगा नदी के बैदौली घाट पर दाह संस्कार के बाद स्नान करते समय डूबे तीन नवयुवकों के शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिए गए हैं। प्रशासन, एसडीआरएफ और नई डहर गांव के मछुआरा समुदाय के पेशेवर गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार को बड़े जाल की मदद से तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
घटना बीते गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। मधवापुर (टोला मिझुनिया) निवासी शिवा चौहान, रवि वरुण और मोनू वरुण गांव की एक बुजुर्ग महिला के दाह संस्कार में शामिल होने बैदौली घाट गए थे। स्नान के दौरान तीनों युवक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे।
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) मयंक द्विवेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी। कल देर शाम तक और आज सुबह से ही स्थानीय गोताखोरों व मछुआरों के सहयोग से सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है और परिजनों की सहमति अनुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
शव मिलने के बाद रवि और मोनू के परिजनों के अनुरोध पर पंचनामा के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए, जबकि शिवा चौहान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मछुआरा समुदाय के गोताखोरों के इस साहसिक और सराहनीय कार्य की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। उनके प्रयासों का सम्मान करते हुए विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा द्वारा 7,000 रुपये तथा थाना प्रभारी शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह द्वारा 5,000 रुपये—कुल 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर उन्हें सम्मानित किया गया।
घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव, थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, लेखपाल आशीष संगम, निरीक्षक अवधेश पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय, रोशन श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान धर्मवीर, राम अचल, समाजसेवी श्याम जायसवाल, राजेन्द्र रूंगटा, दुर्गेश गुप्ता, अनिल अग्रहरि सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









