सिद्धार्थनगर: महिला थाने की काउंसलिंग से बिखरने से बचे 15 परिवार, गिले-शिकवे भुलाकर साथ लौटे दंपती
सिद्धार्थनगर • 24 Aug 2026, 9:51 pm

सिद्धार्थनगर: छोटी-मोटी तकरार और आपसी मनमुटाव के चलते बिखरने की कगार पर खड़े 15 परिवारों के बीच महिला थाना पुलिस ने सुलह कराकर उनके रिश्ते की नई शुरुआत कराई है। 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के तहत महिला थाना परिसर में आयोजित काउंसलिंग सत्र के दौरान पति-पत्नी के बीच जारी विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण कराया गया, जिसके बाद सभी जोड़ों ने आपसी सहमति से फिर से साथ रहने का फैसला लिया।
महिला थाना प्रभारी भाग्यवती पाण्डेय व उनकी काउंसलिंग टीम ने थाने पहुंचे 15 पारिवारिक मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस अधिकारियों ने पति-पत्नी को एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारियों और आपसी तालमेल का महत्व समझाया। कई दौर की बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच पैदा हुई गलतफहमियां दूर हुईं और सभी 15 जोड़ों ने पुरानी कड़वाहट भुलाकर एक साथ घर लौटने पर रजामंदी दी। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में दंपतियों को हंसी-खुशी विदा किया गया।
सुलह किए गए मामलों में शोहरतगढ़ के पीपरी निवासी अंजली व अमन, डुमरियागंज के बेदौलगढ़ निवासी नूरसवा व मोहम्मद कासिम, उसका बाजार के केवटलिया निवासी पुष्पा व तूफानी, बांसी के बसंतपुर निवासी कांति व विष्णु, चिल्हिया के मुडीला बुजुर्ग निवासी सबिता व चंद्रभान, बांसी के गोहर निवासी किरन व विनोद, इटवा के बेलबेनवा निवासी पुनीता व मदन, सिद्धार्थनगर के सेमरहुसैनबक्स निवासी सबीना व शहजाद, मोहाना के रामगढ़ निवासी राधा व रोहन, पथरा बाजार के पिपरा रामलाल निवासी राजिया व नियाज, जोगिया के खेतवल तिवारी निवासी कमरजहाँ व अकरम, डुमरियागंज के प्राणपुर निवासी शुभांति व मुकेश, चिल्हिया के भगवानपुर निवासी शिवांगी व अर्जुन पांडेय, संतकबीरनगर के बेलव्यास निवासी रेखा व विकास तथा बांसी के कूल्हई निवासी खुशबू व बलिराम शामिल हैं।








