सिद्धार्थनगर: यूपीटीईटी परीक्षा की पहली पाली संपन्न, डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण
सिद्धार्थनगर • 2 Jul 2026, 11:20 pm

उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगरव्यूज़: 33
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जय किसान इण्टर कॉलेज, सकतपुर सनई परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सीधे परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम (सीसीटीवी कक्ष) का रुख किया और कैमरों की सक्रियता को बारीकी से परखा। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग, सुरक्षा घेरे और केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी भौतिक सत्यापन किया।
केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस बल के अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा की शुचिता से समझौता करने वाले किसी भी अराजक तत्व को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पूरी परीक्षा शासन की मंशा के अनुरूप कड़े सुरक्षा घेरे में संपन्न कराई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर त्वरित व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








