सिद्धार्थनगर: बाढ़ की कटान से बाधित बिजली आपूर्ति बहाली का कार्य तेज़, शाम तक आपूर्ति शुरू होने की संभावना
सिद्धार्थनगर • 23 Jul 2026, 8:53 pm

सिद्धार्थनगर (OK Talk India News)।
विकास खंड बढ़नी के ग्राम पंचायत बसहिया टोला नौडिहवा में पहाड़ी नदियों के उफान और लगातार हो रही कटान के कारण विद्युत पोल अचानक नदी में समा गया था। इसके चलते पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर थे। बिजली आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों के मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए थे, जिससे बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया था। साथ ही तटवर्ती इलाका होने के कारण रात के समय विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ था। ढेबरुआ फीडर से जुड़ी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग तत्काल हरकत में आया।
अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश के कुशल निर्देशन, उपखंड अधिकारी रमाशंकर एवं अवर अभियंता लालू कुमार की उपस्थिति में विभागीय टीम मौके पर पहुँची। टीम में शामिल लाइनमैन विजय शर्मा, मनोहर प्रसाद, विजय चौधरी, अबुल कलाम और महेश कुमार ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद युद्धस्तर पर काम शुरू किया। उपखंड अधिकारी रमाशंकर ने बताया कि नया पोल लगाने और नई लाइन बिछाने का कार्य काफी तेज़ी से चल रहा है और शाम तक नई लाइन से विद्युत सप्लाई पूरी तरह चालू होने की संभावना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बाढ़ व कटान प्रभावित इलाकों में विभाग पूरी तरह सतर्क है और समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जा रहा है। विभागीय तत्परता देखकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।









