IST: Thursday, 30 July 2026 at 1:00 am

सिद्धार्थनगर में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 'सैनिक बंधु' की बैठक संपन्न, पूर्व सैनिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण

सिद्धार्थनगर29 Jul 2026, 11:02 pm

सिद्धार्थनगर में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 'सैनिक बंधु' की बैठक संपन्न, पूर्व सैनिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण
सिद्धार्थनगर : जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 'सैनिक बंधु' की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के मौखिक आदेश के अनुपालन में यह बैठक दोपहर 12:00 बजे मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों व उनके परिजनों की भूमि विवाद, पुलिस सहायता, बैंक ऋण, पेंशन, चिकित्सा सहायता और नवीन गन लाइसेंस से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कुल 13 भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। ज़मीन की पैमाइश और पैतृक भूमि से दबंगों का अवैध कब्जा हटवाने से संबंधित मामलों में उन्होंने दूरभाष पर सीधे एसडीएम शोहरतगढ़ और एसडीएम डुमरियागंज से वार्ता कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक रास्ते से कब्जा हटाने, ग्राम सभा की बंजर जमीन के आवंटन और रोजगार हेतु नवीन गन लाइसेंस के आवेदनों पर भी नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी (न्यायिक) विश्वेश्वर सिंह, अपर उपजिलाधिकारी रवीश गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी मिथिलेश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण प्रसाद और स्टेशन हेड क्वार्टर्स कूड़ाघाट (गोरखपुर) के प्रतिनिधि सूबेदार कृष्णा शाही व नायक रमेश मौजूद रहे। साथ ही जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आई.एन.) नरेश शर्मा (अ०प्रा०), वरिष्ठ सहायक मनीष चन्द्र त्रिपाठी, कनिष्ठ सहायक अशोक सिंह और कार्यालय का समस्त स्टाफ भी बैठक में उपस्थित रहा।

संबंधित खबरें