IST: Tuesday, 28 July 2026 at 9:30 pm

अपराध व अपराधियों पर कसें नकेल, सावन मेले और त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रखें चाक-चौबंद: एसएसपी

सिद्धार्थनगर16 Jul 2026, 10:31 pm

अपराध व अपराधियों पर कसें नकेल, सावन मेले और त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था रखें चाक-चौबंद: एसएसपी
सिद्धार्थनगर। आगामी त्योहारों और पवित्र श्रावण मास के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण अपराध गोष्ठी और सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया। बैठक में एसएसपी ने दो टूक शब्दों में मातहतों को निर्देशित किया कि अपराध और अपराधियों पर हर हाल में प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। अपराध गोष्ठी की शुरुआत में एसएसपी ने सभी थानों के न्यायालय पैरवीकारों के साथ बैठक की। उन्होंने माननीय न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने और अपराधियों को सजा दिलाने के संबंध में 12 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की। इसके बाद 'मिशन शक्ति अभियान' की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को गांवों और कस्बों में 'बहू-बेटी सम्मेलन' और साइबर जागरूकता चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराधों व उनसे बचाव के तरीकों के प्रति निरंतर जागरूक किया जाए। एडीजी गोरखपुर जोन द्वारा चलाए जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। श्रावण मास और शिवरात्रि के पावन अवसर पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर एसएसपी बेहद गंभीर नजर आए। उन्होंने जनपद के शहरी और ग्रामीण इलाकों में सघन पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) बढ़ाने के निर्देश दिए। 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत चिन्हित मामलों, महिला उत्पीड़न और संपत्ति संबंधी अपराधों में की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने जांच में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने लापता बच्चों की बरामदगी के लिए विशेष प्रयास करने, लंबित मुकदमों का साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा शातिर अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियान चलाकर कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस और सीसीटीएनएस की रैंकिंग की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इससे पूर्व आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित विभागीय निस्तारण के आदेश दिए। इस उच्च स्तरीय अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी अग्निशमन, अभियोजन अधिकारी, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक, प्रज्ञान व रेडियो शाखा के निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी/निरीक्षक, प्रभारी यूपी-112, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी और कम्युनिटी टीम के प्रभारियों सहित पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें