IST: Friday, 4 September 2026 at 12:07 am

हादसों पर लगाम लगाने सड़क पर उतरी ट्रैफिक पुलिस, दोपहिया इंटरसेप्टर से नपी रफ्तार; 89 वाहनों के कटे चालान

सिद्धार्थनगर3 Sept 2026, 10:55 pm

हादसों पर लगाम लगाने सड़क पर उतरी ट्रैफिक पुलिस, दोपहिया इंटरसेप्टर से नपी रफ्तार; 89 वाहनों के कटे चालान
सिद्धार्थनगर : जनपद में बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों के कारण आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं और असमय हो रही जनहानि पर प्रभावी रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। गुरुवार को जनपद के प्रमुख व व्यस्त मार्गों पर सघन चेकिंग एवं विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। आधुनिक तकनीक के सहारे की गई इस कार्रवाई के दौरान निर्धारित गति सीमा की धज्जियां उड़ाने वाले कुल 89 वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की सुसंगत धाराओं में चालानी कार्रवाई की गई। सड़क हादसों पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से यातायात निदेशालय की ओर से सिद्धार्थनगर पुलिस को हाल ही में दो नए आधुनिक दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव के नेतृत्व में यातायात पुलिस की विशेष टीमों ने इन अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों के साथ जिले के ब्लैक स्पॉट्स, हाईवे और प्रमुख कनेक्टिंग मार्गों पर मोर्चा संभाला। इन दोपहिया वाहनों की खूबी यह है कि ये संकरे और भीड़भाड़ वाले रास्तों पर भी आसानी से रफ्तार पर नजर रख सकते हैं। इनमें लगे अत्याधुनिक डिजिटल स्पीड रडार और हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरों की मदद से तय गति सीमा से अधिक रफ्तार में फर्राटा भर रहे वाहनों को तत्काल ट्रैक कर डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए, जिसके आधार पर ताबड़तोड़ चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस सख्त चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य महज चालान काटना नहीं, बल्कि चालकों में रफ्तार नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति अनुशासन पैदा करना है, जिससे राजमार्गों पर होने वाले गंभीर हादसों को टाला जा सके। यातायात पुलिस ने जनपदवासियों व वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और राहगीरों की जीवन सुरक्षा को प्राथमिकता दें। वाहन चलाते समय गति सीमा का विशेष ध्यान रखें, दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन चालक सीटबेल्ट का प्रयोग करें, ताकि जिले में एक सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

संबंधित खबरें