चोरी के तीन ड्रम डीजल व पिकअप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर • 19 Jul 2026, 11:36 pm

सिद्धार्थनगर। जिले के थाना ढेबरुआ पुलिस और जनपदीय एसओजी की संयुक्त टीम ने राप्ती मुख्य नहर धनौरा पुल के पास चेकिंग के दौरान चोरी के तीन ड्रम डीजल और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इंडस टावर कंपनी के एरिया मैनेजर आशीष यादव ने 17 जुलाई 2026 को तहरीर दी थी कि 16/17 जुलाई की रात करीब 1 बजे ओम ऑटोमोबाइल फिलिंग स्टेशन से कटैयाभारी टावर के लिए डीजल ले जाते समय ढेकहरी चौराहा और महादेव खुर्द गांव के बीच कुछ लोगों ने वाहन रोककर चालक और उसके साथी से मारपीट की और गाड़ी से 660 लीटर डीजल चोरी कर लिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देश पर दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों ऐनूल उर्फ मोनू और अकबर अली उर्फ दानिश अली (निवासी गौरिया हरिराजपुर, बहराइच) को दबोच लिया। आरोपियों के पास से 3 ड्रम डीजल और चोरी में प्रयुक्त पिकअप बरामद की गई है, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, उपनिरीक्षक सोमनाथ शर्मा व एसओजी प्रभारी चंद्रकांत पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।









