IST: Monday, 26 October 2026 at 7:45 pm

बढ़नी में तेज डीजे की धमक से दो दिन के नवजात की मौत: चीखने के बाद थम गईं सांसें, सीओ शोहरतगढ़ ने आधी रात लिया जायजा

बढ़नी, सिद्धार्थनगर • 21 Oct 2026, 8:10 pm

बढ़नी में तेज डीजे की धमक से दो दिन के नवजात की मौत: चीखने के बाद थम गईं सांसें, सीओ शोहरतगढ़ ने आधी रात लिया जायजा
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर नौ (रामजानकी मंदिर के समीप) में तेज आवाज व भीषण कंपन के साथ बज रहे डीजे की धमक से दो दिन के नवजात शिशु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। परिजनों ने घर के बाहर बज रहे बेलगाम डीजे को बच्चे की मौत का कारण बताते हुए थाने में लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर नौ निवासी जावेद मनिहार पुत्र सई मोहम्मद के घर बीते 18 अक्टूबर को बेटे का जन्म हुआ था। 20 अक्टूबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच घर के बाहर दो डीजे आमने-सामने प्रतिस्पर्धा करते हुए अत्यधिक तीव्र आवाज में बज रहे थे। परिजनों का आरोप है कि डीजे का शोर और बेस का कंपन इतना भयानक था कि पूरा मकान हिल रहा था। परिजनों ने बताया कि उसी दौरान मां बच्चे को दूध पिला रही थी, तभी कानफोड़ू आवाज और धमक के बीच बच्चा अचानक जोर से चीख पड़ा और उसके बाद उसने कोई हरकत नहीं की। घबराए परिजनों ने जब बच्चे को देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए देर रात करीब 2:15 बजे क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर पूरी घटना की बिंदुवार जानकारी ली और निष्पक्ष व कड़ी विधिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष ढेबरुआ चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि त्योहार से पूर्व आयोजित पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि तेज आवाज और भारी कंपन वाले डीजे नवजात शिशुओं, हृदय रोगियों, गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने ध्वनि मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से अनुपालन करने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद प्रशासनिक व पुलिस दिशा-निर्देशों को ताक पर रखकर देर रात तक डीजे बजाया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

संबंधित खबरें

80वें स्वतंत्रता दिवस पर बढ़नी के 'सिद्धार्थ नेत्रालय एन्ड फेको सेंटर' की अनूठी पहल: 40 हजार से अधिक सर्जरी का अनुभव रखने वाले डॉ. नदीम अहमद ने 149 मरीजों का किया परीक्षण

बढ़नी, सिद्धार्थनगर • 15 Aug 2026, 9:00 pm

80वें स्वतंत्रता दिवस पर बढ़नी के 'सिद्धार्थ नेत्रालय एन्ड फेको सेंटर' की अनूठी पहल: 40 हजार से अधिक सर्जरी का अनुभव रखने वाले डॉ. नदीम अहमद ने 149 मरीजों का किया परीक्षण