IST: Tuesday, 28 July 2026 at 9:30 pm

गांधी को मार सकते हैं, मगर गांधीवाद को नहीं: अशोक कुमार पांडेय

सिद्धार्थनगर19 Jul 2026, 11:22 pm

गांधी को मार सकते हैं, मगर गांधीवाद को नहीं: अशोक कुमार पांडेय
सिद्धार्थनगर।जिला कांग्रेस कमेटी और जिला युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में रविवार दोपहर को स्थानीय लोहिया कला भवन सभागार में ‘गांधी से गांधी तक’ विषय पर एक विचार गोष्ठी और एकल व्याख्यान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध इतिहासकार, लेखक, वरिष्ठ पत्रकार और कश्मीर मामलों के जानकार अशोक कुमार पांडेय ने खचाखच भरे सभागार को संबोधित करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा ही नहीं, बल्कि महात्मा गांधी विविधता में एकता के प्रबल पक्षधर थे और यही कारण है कि उनका यह विचार भारत में अब तक कायम है, जिसे एक खास विचारधारा के लोग कुचलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि गांधी की हत्या तो हो सकती है, लेकिन गांधी के विचारों की नहीं, क्योंकि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि सत्य, अहिंसा, प्रेम, सद्भाव और मानवता के जीवंत प्रतीक हैं। गांधी पर लगाए जाने वाले तमाम आरोपों का बिंदुवार जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने अंग्रेजों से हाथ मिलाया, वही आज गांधी और नेहरू के खिलाफ मुहिम चला रहे हैं, क्योंकि उस समय का एक भी नेता उन शक्तियों का समर्थक नहीं था, इसलिए वे आज पटेल बनाम नेहरू तथा भगत सिंह बनाम गांधी-नेहरू का फर्जी विवाद खड़ा कर रहे हैं, मगर वे अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। इतिहासकार ने नेहरू के कथित माफीनामे पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट किया कि नेहरू ने नाभा मामले में कभी कोई माफी नहीं मांगी थी, जबकि इसके विपरीत सावरकर ने अंग्रेजों से कम से कम छह बार लिखित माफी मांगी थी, जिसके आधिकारिक प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने आगाह किया कि आज जब समाज में वैमनस्य, हिंसा और असहिष्णुता का वातावरण बनाने की कोशिश हो रही है, ऐसे समय में गांधी के विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं और संविधान, लोकतंत्र तथा सामाजिक सौहार्द की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस वैचारिक विमर्श के क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह और प्रदेश महासचिव जयकरन वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं और उन्होंने युवाओं से गांधी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं, प्रदेश सचिव देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव और कांग्रेस जिलाध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद, जिन्होंने कार्यक्रम का कुशल संचालन भी किया, ने कहा कि सत्य, अहिंसा और भाईचारा ही भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य आयोजक व संयोजक प्रसिद्ध दंत चिकित्सक और युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव डॉ. अरविंद शुक्ल ने सभी आगंतुक अतिथियों, वक्ताओं, बुद्धिजीवियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे वैचारिक कार्यक्रम समाज में संवाद, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पूर्व, मुख्य अतिथि का जोरदार स्वागत किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद तिवारी, नादिर सलाम, अभिनय राय, अनिल सिंह अन्नू, कृष्ण बहादुर सिंह, राजन श्रीवास्तव, पंकज चतुर्वेदी, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, रियाज़ मनिहार, सुदामा प्रसाद, डॉ. प्रमोद कुमार, सादिक अहमद, गालिब बिसेन, इश्तियाक चौधरी, बदरे आलम, कन्हैया पाण्डेय, होरी लाल श्रीवास्तव, रियाजउद्दीन राईनी, आसिफ़ रिज़्वी, अमित त्रिपाठी, मुकेश चौबे, संतोष चौधरी, गिरजेश कुमार, संतोष त्रिपाठी, लोकपति ओझा, अश्विनी सिंह सोलंकी, कपिल देव यादव, सौरभ पंछी, डॉ. ओमप्रकाश श्रीवास्तव, शाहिद प्रधान, नन्द किशोर शुक्ल, मुनीश ज्ञानी, शाहिद महबूब, दिवाकर त्रिपाठी, रुखमीना साहनी, मोबीन खान, विक्की रिज़्वी और पप्पू खान सहित बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें