गोरखपुर जंक्शन पर बना ‘आई लव गोरखपुर’ सेल्फी पॉइंट, यात्रियों और युवाओं में भारी क्रेज
गोरखपुर • 2 Jul 2026, 2:31 pm

उत्तर प्रदेशगोरखपुरव्यूज़: 39
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के अनुभव को खास बनाने के लिए एक शानदार पहल की गई है। स्टेशन के गेट संख्या-1 के पास और प्लेटफॉर्म नंबर 09 के निकट कैबवे साइड पर एक भव्य व आधुनिक ‘आई लव गोरखपुर’ सेल्फी पॉइंट स्थापित किया गया है। रंग-बिरंगी एलईडी (LED) रोशनी से जगमगाता यह मॉडल अपनी बेहतरीन डिजाइन और भव्यता के कारण यहाँ आने वाले यात्रियों, विशेषकर युवाओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गया है। स्टेशन पर कदम रखते ही यह सेल्फी पॉइंट स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों में गोरखपुर शहर के प्रति लगाव और गर्व की भावना का अहसास करा रहा है।
लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह पहल रेलवे के 'स्वच्छ व सुंदर स्टेशन' अभियान का एक अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण करना है। इस नए सेल्फी पॉइंट से न केवल स्टेशन की भव्यता और शोभा बढ़ी है, बल्कि यात्री यहाँ तस्वीरें खिंचवाकर अपनी यात्रा को हमेशा के लिए यादगार बना रहे हैं। इससे गोरखपुर शहर की एक बेहद सकारात्मक और आधुनिक छवि देश-विदेश तक पहुँच रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता द्वारा जारी इस विज्ञप्ति के अनुसार, रेलवे प्रशासन की इस अनूठी पहल को यात्रियों द्वारा काफी सराहा जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी यह सेल्फी पॉइंट जमकर ट्रेंड कर रहा है।








