पूर्वोत्तर रेलवे: लखनऊ मंडल के स्टेशनों पर 'स्वच्छता जागरूकता अभियान व रैली', प्लास्टिक मुक्त रेलवे पर विशेष जोर
लखनऊ • 25 Jul 2026, 12:09 am

लखनऊ।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 'स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं रैली' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल परिसरों को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाना है।
अभियान के तहत स्टेशनों पर लाउडस्पीकर व सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे स्टेशनों पर स्थापित "वॉटर रिफिल पॉइंट्स" का उपयोग करें और पानी की बोतलों को बार-बार इस्तेमाल में लाएं, ताकि सिंगल-यूज प्लास्टिक बोतलों का कचरा कम से कम हो।
रैली और स्वच्छता गतिविधियों के दौरान स्टेशन परिसरों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग पर सख्त निगरानी रखी गई। इसके साथ ही स्टेशन पर स्थित खान-पान स्टॉलों व वेंडरों को प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को अपनाने के निर्देश दिए गए।
जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत यात्रियों को जागरूक करने और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।








