पूर्वोत्तर रेलवे की एथलीट उषा का 'विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप 2026' के लिए चयन, चीन में भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व
लखनऊ • 23 Jul 2026, 8:21 pm

लखनऊ (OK Talk India News)।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के नाम एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ गई है। लखनऊ मंडल की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ी सुश्री उषा का चीन के निंगबो शहर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप-2026’ के लिए चयन हुआ है। सुश्री उषा पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत ऐशबाग स्थित कोचिंग डिपो में टेक्नीशियन-तृतीय के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ भारोत्तोलन के क्षेत्र में कड़ी मेहनत व समर्पण के बल पर यह अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है। उनकी इस स्वर्णिम सफलता से न केवल पूर्वोत्तर रेलवे, बल्कि पूरे भारतीय रेलवे और देश में खुशी की लहर है।
विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप के लिए चयन होने पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने सुश्री उषा को बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा अपने खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएँ और हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिसका सुखद परिणाम है कि लखनऊ मंडल के खिलाड़ी आज विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। सुश्री उषा की इस उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल क्रीड़ाधिकारी धनंजय मिश्रा, मंडल क्रीड़ा सचिव उदित मिश्रा तथा मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व खेल पदाधिकारियों ने भी खुशी जाहिर करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पूरे लखनऊ मंडल को उम्मीद है कि उषा चीन में आयोजित इस विश्व चैम्पियनशिप में अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत का परचम लहराएँगी।








