पूर्वोत्तर रेलवे के मण्डल चिकित्सालय बादशाहनगर में विश्व रेबीज दिवस आयोजित: रेलकर्मियों व परिजनों को टीकाकरण और बचाव के प्रति किया गया जागरूक
लखनऊ • 28 Sept 2026, 7:58 pm

लखनऊ: पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बादशाहनगर डॉ. रमेश चन्द्र के कुशल निर्देशन में सोमवार को मण्डल चिकित्सालय, बादशाहनगर में 'विश्व रेबीज दिवस' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा चिकित्सालय में आए मरीजों को घातक रेबीज रोग से बचाव और समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
जागरूकता सत्र के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रेबीज के संक्रमण, प्रारंभिक लक्षण और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि किसी भी जानवर के काटने या खरोंचने पर घाव को तुरंत साबुन व पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए और बिना किसी देरी के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय पर टीकाकरण ही इस जानलेवा बीमारी से बचाव का एकमात्र अचूक उपाय है।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी, डॉ. अनामिका, डॉ. वी. के. पाठक, वरिष्ठ मण्डल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन एवं मण्डल चिकित्सा अधिकारी बादशाहनगर डॉ. प्रशांत सहित अस्पताल का पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य रेलकर्मी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।








