पूर्वोत्तर रेलवे: सीतापुर स्टेशन पर 'जन विश्वास अधिनियम 2026' को लेकर विशेष काउंसलिंग व सघन टिकट जांच अभियान, ₹42,380 जुर्माना वसूला
लखनऊ • 25 Jul 2026, 12:06 am

लखनऊ / सीतापुर।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के दिशा-निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एफएम) मुकेश कुमार द्वारा सीतापुर रेलवे स्टेशन पर विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य 'जन विश्वास अधिनियम, 2026' का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।
काउंसलिंग सत्र में उपस्थित टिकट जांच कर्मचारियों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई और जांच कार्यवाही को संवेदनशील, पारदर्शी एवं विधिसम्मत ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रियों और रेल कर्मचारियों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया।
काउंसलिंग के बाद सीतापुर स्टेशन पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 55087, 15009, 14009, 15621, 55033, 55086, 15530, 15211 सहित कई प्रमुख ट्रेनों में जांच की गई। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 72 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे किराये और जुर्माने के रूप में ₹42,380 की राजस्व वसूली की गई।
जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने और पारदर्शी जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।








